आप अपने क्षेत्र की हलचल को चित्रों और विजुअल समेत नेटप्रेस पर छपवा सकते हैं I सम्पर्क कीजिये सेल नम्बर 0 94165 57786 पर I ई-मेल akbar.khan.rana@gmail.com
दि नेटप्रेस डॉट कॉम आपका अपना मंच है, इसे और बेहतर बनाने के लिए Cell.No.09416557786 तथा E-Mail: akbar.khan.rana@gmail.com पर आपके सुझाव, आलेख और काव्य आदि सादर आमंत्रित हैं I

8.12.09

ओमप्रकाश चौटाला के आरोपों में नहीं है दम:गोपाल कांडा

सिरसा: गृह एवं उद्योग राज्यमंत्री गोपाल कांडा ने कहा कि कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाने वाले लोगों को अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। उन्होंने कहा कि इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला के आरोपों में दम नहीं है। चौटाला द्वारा राज्य सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए गृह राज्यमंत्री ने कहा कि जनमत और बहुमत सरकार के साथ है। ऐसे में जनता द्वारा नकारे जा चुके नेताओं को ऊल-जलूल बयानबाजी नहीं करनी चाहिए। अपने कार्यालय में जन परिवाद सुन रहे गृहराज्यमंत्री गोपालकांडा ने कहा कि ऐलनाबाद का उप-चुनाव एक बार फिर बता देगा कि जनता किसके साथ है। उन्होंने कहा कि इनेलों नेताओं ने सिरसा का शोषण किया व विकास का कोई कार्य नहीं करवाया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को आज सिरसा की जनता साधुवाद देती है क्योंकि उन्होंने सिरसा के विकास के लिए अनेक परियोजनाएं शुरु कर रखी है। सोच के धनी मुख्यमंत्री हुड्डा ने तीन बार अपने सामने चुनाव लड़ चुके चौ. देवीलाल के नाम पर स्थापित विश्वविद्यालय को करोड़ों रुपए दिए। इतना ही नहीं यूजीसी की मान्यता भी विश्वविद्यालय को दिलवाने का कार्य किया। गोपाल कांडा ने कहा कि सिरसा की जनता ने चौटाला परिवार को पीएम और सीएम तक बनवाया। लेकिन इस परिवार ने सिरसा के विकास के लिए कुछ नहीं किया। बेरोजगारों के लिए कोई ठोस नीति नहीं बनाई। सिरसा शहर की प्रमुख समस्याओं का समाधान नहीं किया। उन्होंने कहा कि सिरसा ओवरब्रिज का निर्माण कार्य मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शुरु करवाया। लड़कियों के लिए अलग से महिला विंग की स्थापना करवाई। प्रदेश की सबसे बड़ी ओटू झील 65 करोड़ रुपए की लागत से बन रही है। यह भी मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की ही देन है। गोपाल कांडा ने कहा कि सिरसा चंद सालों में ही विकास के मामले में नंबर वन बन जाएगा और यह सब कुछ कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सोच का ही कमाल होगा। गृह एवं उद्योग राज्यमंत्री ने कहा कि ऐलनाबाद सीट छोड़कर इनेलो प्रमुख ने जनभावनाओं पर कुठाराघात किया है। केवल 600 वोटों से जीती गई उचाना कलां सीट पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को प्यारी लगी और 16 हजार वोटों से जीती गई ऐलनाबाद सीट ठुकरा दी। ऐलनाबाद की जनता ने चौटाला परिवार का सदा साथ दिया लेकिन ओमप्रकाश चौटाला ने ऐलनाबाद को अशुभ माना। अपना काम निकाला और फिर ऐलनाबाद को ठुकरा दिया। इस क्षेत्र की जनता भी उपचुनाव में अपने अपमान का बदला लेगी और बूथ पर जाकर एक-एक वोट कांग्रेस को देगी। उन्होंने कहा कि इस बार ऐलनाबाद की जनता ने 5 साल की सरकार में अपनी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी डाली है। यह अवसर ऐलनाबाद की जनता को खोना नहीं चाहिए। गोपाल कांडा ने कहा कि विकास के नाम पर जो लोग अब तक हरियाणा प्रदेश और सिरसा जिला की जनता को बरगलाते रहे है उनकी दाल नहीं गलेगी। कभी स्वयं को राजस्थान और कभी हरियाणा का तो कभी सिरसा का बताने वाले यह लोग वास्तव में किसी के नहीं है। उन्होंने कहा कि चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय सहित कई अन्य परियोजनाएं, योजनाएं है जिनकी स्थापना तो कर दी गई लेकिन उनका विकास मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार में हुआ है। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा की विकासात्मक नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता ही निर्णय देती है। श्री कांडा ने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का वोट प्रतिशत बढ़ा है। जनता ने एक बार फिर मुख्यमंत्री हुड्डा के नेतृत्व में विश्वास जताया और हरियाणा की धरती पर इतिहास रचा। उन्होंने जोर देकर कहा कि सिरसा जिला के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं हो रहा। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा प्रदेश को देश में नंबर वन बनाने की सोच रखते है और इसी सोच को सिंचित करते हुए वे पूरे प्रदेश के सभी जिलों का एक समान विकास करवा रहे है। गृह राज्यमंत्री गोपाल कांडा ने स्पष्ट किया कि अब तक सिरसा की जनता के साथ छल हुआ है लेकिन अब छीनने और छलने की संस्कृति खत्म हो गई है। उन्होंने कहा कि जनता ने स्वयं छीनने और छलने की राजनीति करने वालों को घर बैठा दिया है। समाज हितैषी सोच रखने वाले लोगों को जनता आगे बढ़ा रही है। इस अवसर पर श्री कांडा ने सिरसा जिला के विभिन्न गांवों और कस्बों से आए लोगों की समस्याएं सुनी और उनका मौके पर निपटारा किया। श्री कांडा ने कहा कि उनके दरवाजे जनता के लिए सदैव खुले है। वे सर्वागीण विकास में विश्वास रखते है। जनता के सहयोग से ही सिरसा की धरती पर विकास का एक नया अध्याय शुरु किया गया है। केंद्रीय योजनाओं के साथ-साथ राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से पर्याप्त धन सिरसा के विकास कार्यों पर खर्च किया जाएगा। लूट खसूट की राजनीति नहीं चलने दी जाएगी।

0 टिप्पणियाँ:

Twitter Delicious Facebook Digg Stumbleupon Favorites More

 
Copyright © 2011 TheNetPress.Com | Edited by Akbar Khan